Jamshedpur : जमशेदपुर के करनडीह-परसुडीह मुख्य सड़क पर अब जाम नहीं लगेगा। ट्रैफिक पुलिस ने इस सड़क पर एक ऐसा कदम उठाया है, जिससे अब लोगों को जाम से निजात मिलेगी। यहां जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी होती थी। लोगों ने जाम से निजात के लिए कई बार जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था।

समस्या हल नहीं होने पर पोटका के विधायक संजीव सरदार से मुलाकात की थी और उनसे मांग की थी कि करनडीह-परसुडीह मुख्य सड़क पर जाम लगता है। ऐसा कुछ किया जाए कि लोगों को जाम से निजात मिले। पोटका विधायक संजीव सरदार ने इस मामले में ट्रैफिक डीएसपी से बात की थी।
अब करनडीह-परसुडीह मुख्य सड़क पर ट्रैफिक सिग्नल लगा दिया गया है। गुरुवार को इस ट्रैफिक सिग्नल को चालू कर दिया गया। ट्रैफिक सिग्नल चालू होने से यहां की ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चलने की उम्मीद जताई जा रही है। ट्रैफिक सिग्नल के जरिए वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसके चलते अभी तक सड़क पर जाम नहीं लगा। पहले यहां सिग्नल नहीं लगा था तो चारों तरफ से लोग वाहन लेकर आ जाते थे। वाहन एक दूसरे से सट जाने की वजह से जाम लग जाता था।

