Jamshedpur : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में एक कैदी वार्ड बनाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही वार्ड चिन्हित किया जाएगा। जमशेदपुर रेलवे स्टेशन पर भी कोर्ट हाजत बनेगी। ताकि बाहर से कैदियों को लाने ले जाने में सुविधा हो सके। इस बात के निर्देश डीसी कर्ण सत्यार्थी ने बुधवार को कारागार सुरक्षा से संबंधित मीटिंग में दिए।

मीटिंग में डीसी ने घाघीडीह सेंट्रल जेल, साकची जेल और घाटशिला उप कारागार में सुरक्षा व्यवस्था, बुनियादी सुविधाएं, संसाधन की उपलब्धता और जेल संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। जेल परिसरों में कैदियों के सेल, अस्पताल, वॉच टावर पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, जलापूर्ति, साफ सफाई, प्रकाश आदि व्यवस्था की भी समीक्षा की।
डीसी ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वरना, अधिकारी भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे। उपायुक्त ने कहा कि जेल की सुरक्षा बेहद संवेदनशील विषय है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने मातहत अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन जेल सुरक्षा की ऑडिट कराई जाए। अधिकारियों से कहा कि वह कारागार, उप कारागार, बाल सुधार गृह, अस्पतालों के कैदी वार्ड और कोर्ट हाजत का नियमित निरीक्षण करें।
अगर कहीं कोई कमी पाई जाती है तो फौरन डीसी को इसकी जानकारी दें। उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने व वाच टावर पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती, पुलिस पेट्रोलिंग में बढ़ोतरी आदि से संबंधित निर्देश दिए। इस मीटिंग में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भागीरथ प्रसाद, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, सीडीपीओ घाटशिला अजीत कुजूर आदि मौजूद रहे।

