Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में एक सोलर मॉडल सोलर विलेज घोषित किया जाएगा। इसके लिए 10 गांवों के बीच सोलर सिस्टम अपनाने की प्रतियोगिता होगी। जो गांव बेहतर साबित होगा। उसे सोलर मॉडल विलेज घोषित कर एक करोड़ रुपए का इनाम मिलेगा।

जमशेदपुर में डीसी ऑफिस सभागार में बुधवार को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा मीटिंग हुई। इस मीटिंग में योजना के तहत बनने वाले मॉडल सोलर गांव की प्रगति पर डीसी कर्ण सत्यार्थी ने रोशनी डाली। बैठक में जिले के सात प्रखंडों के चुने गए 10 गांवों में सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं की मौजूदा स्थिति और आगे की संभावनाओं पर मंथन किया गया। बीडीओ ने बताया कि किन-किन योजनाओं पर काम चल रहा है और किन क्षेत्रों में सोलर ऊर्जा से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाया जा सकता है।
मॉडल सोलर विलेज के लिए इस साल दिसंबर से अगले साल मई तक छह माह का चैलेंज पीरियड तय किया गया है। इस दौरान गांवों में पीएम कुसुम और अन्य सौर योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। नवीकरणीय ऊर्जा के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। जिस गांव की सौर क्षमता सबसे अधिक होगी, उसे मॉडल सोलर विलेज घोषित कर एक करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि चयनित गांवों में ग्राम सभा कर ग्रामीणों को पात्रता, सब्सिडी और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाए। साथ ही सरकारी भवनों पर सोलर पैनल लगाने, सोलर सिंचाई, स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट जैसी योजनाओं पर ठोस कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित करने को कहा। उन्होंने कहा कि गांवों में स्वस्थ कंपटीशन का माहौल बने ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण सौर ऊर्जा अपना सकें और ‘ग्रीन विलेज, क्लीन विलेज’ का लक्ष्य पूरा हो सके।

