
Jamshedpur : देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी रविवार को जमशेदपुर के 8 केंद्रों पर शांतिपूर्ण और कड़ी निगरानी में हुई। एनटीए द्वारा आयोजित इस परीक्षा में लगभग 3882 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि करीब 440 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सुबह 11 बजे से ही परीक्षार्थियों का केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.20 बजे तक चली। 1.30 बजे के बाद केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए थे। समय की इस सख्ती का असर यह रहा कि कई परीक्षार्थी अंतिम समय में दौड़ते हुए केंद्र पहुंचे।
कोऑपरेटिव कॉलेज स्थित केंद्र पर कुछ छात्र-छात्राएं 1:30 बजे के आसपास पहुंचे, जब गेट बंद हो रहा था, ऐसे में कई परीक्षार्थी रोते हुए गेट तक पहुंचे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं मिल सका। अधिकांश परीक्षार्थी साधारण कैजुअल ड्रेस में नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।लेकिन उसम भरी गर्मी ने अभिभावकों व छात्रों के पसीने छुड़ा दिए।
ग्रेजुएट कॉलेज स्थित नीट परीक्षा केंद्र पर एक छात्र को महज 18 मिनट की देरी के कारण प्रवेश नहीं मिल सका। छात्र दोपहर 1.42 बजे केंद्र पहुंचा, जबकि प्रवेश का निर्धारित समय 1.30 बजे तक ही था। गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने नियमों का हवाला देते हुए उसे अंदर जाने से मना कर दिया। छात्र ने बताया कि वह मानगो स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज के पास रहता है और 12.50 बजे घर से निकला था, लेकिन मानगो पुल पर जाम और साकची टेंपो स्टैंड से पैदल आने में देरी हो गई। परीक्षा शुरू होने में पर्याप्त समय होने के बावजूद उसे मौका नहीं मिला, जिससे वह गेट पर ही रोने लगा।
बायोलॉजी और केमिस्ट्री ने बढ़ाई मुश्किलें
नीट यूजी 2026 परीक्षा को लेकर छात्रों ने पेपर को अपेक्षा से अधिक कठिन बताया। छात्र मो. इकबाल के अनुसार इस बार बायोलॉजी में सीधे सवाल कम और कॉन्सेप्ट आधारित प्रश्न अधिक थे, जिससे हल करने में समय लगा। केमिस्ट्री के न्यूमेरिकल और ऑर्गेनिक हिस्से ने भी छात्रों को उलझाए रखा, जिससे टाइम मैनेजमेंट प्रभावित हुआ। वहीं परीक्षार्थी सुमन कुमारी ने कहा कि बायोलॉजी में कुछ प्रश्न एनसीईआरटी से बाहर जैसे लगे, जिससे कंफ्यूजन बढ़ा। केमिस्ट्री में रिएक्शन आधारित सवाल कठिन रहे, जबकि फिजिक्स अपेक्षाकृत सामान्य था। कुल मिलाकर बायोलॉजी और केमिस्ट्री ने छात्रों के स्कोर पर असर डालने की संभावना बढ़ा दी।

