Jamshedpur : जमशेदपुर में एक बार फिर फुटबॉल का जुनून लौटने वाला है। जमशेदपुर एफसी ने घोषणा की है कि 25 अप्रैल को चेन्नईयिन एफसी के खिलाफ होने वाले घरेलू मुकाबले के लिए टिकट अब ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
जेआरडी में होगा मुकाबला
यह मुकाबला जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा। यहां टीम अपने घरेलू मैदान पर एक और अहम जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। लीग के निर्णायक चरण में पहुंच चुके इस मुकाबले को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि, इससे टीम की अंक तालिका में स्थिति पर सीधा असर पड़ेगा।
इस सीजन में घरेलू मैदान पर शानदार समर्थन मिलने के बाद टीम को एक बार फिर अपने फैंस से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है। ‘फर्नेस’ के नाम से मशहूर यह मैदान टीम के लिए किले जैसा साबित हुआ है और दर्शकों का उत्साह खिलाड़ियों के लिए बड़ी ताकत बना हुआ है।
कैसे मिलेगा टिकट
टिकटों की बिक्री डिस्ट्रिक्ट बाई जोमैटो प्लेटफॉर्म के जरिए की जा रही है, जिससे फैंस को आसानी से सीट बुक करने और तुरंत टिकट प्राप्त करने की सुविधा मिल रही है। ऐसे में फुटबॉल प्रेमी इस रोमांचक मुकाबले का लाइव आनंद उठाने के लिए अभी से अपनी तैयारी शुरू कर सकते हैं।

