Jamshedpur (Jharkhand) : टेल्को स्थित गुलमोहर हाई स्कूल की पूर्व छात्रा वेदिका चंद्रा को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (BHU), वाराणसी से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में स्वर्ण पदक मिला है। बता दें कि वेदिका ने इससे पहले 2019 की आईसीएसई बोर्ड परीक्षा में झारखंड राज्य में पहला स्थान हासिल कर विद्यालय और शहर का नाम रोशन किया था।

वेदिका का यह सम्मान न केवल उसकी प्रतिभा और परिश्रम का परिणाम है, बल्कि गुलमोहर हाई स्कूल की शैक्षणिक उत्कृष्टता की परंपरा को भी नई ऊंचाइयों तक ले गया है। गुलमोहर हाई स्कूल प्रबंधन ने वेदिका और उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
स्कूल की प्रिंसिपल प्रीति सिन्हा ने रविवार को वेदिका की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “वेदिका की सफलता दृढ़ निश्चय, जिज्ञासा और ईमानदारी जैसे मूल्यों का जीवंत उदाहरण है, वही मूल्य जिन पर गुलमोहर की नींव रखी गई है। उनकी यह उपलब्धि निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
उन्होंने आगे कहा कि कक्षा 9 और 10 में जीवविज्ञान (बायोलॉजी) की छात्रा के रूप में वेदिका सदैव शांत, विनम्र और अध्ययनशील रही हैं। उनकी लगन और सादगी ने उन्हें हर क्षेत्र में उत्कृष्ट बनाया।
स्कूल प्रशासन ने कहा कि वेदिका की सफलता इस बात का प्रमाण है कि गुलमोहर न केवल ज्ञान प्रदान करता है, बल्कि ऐसे विद्यार्थियों को गढ़ता है जो जीवन के हर क्षेत्र में उदाहरण प्रस्तुत करें।

