जमशेदपुर : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जिला सदर अस्पताल को नेशनल क्वॉलिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड सर्टिफिकेट (NQAS) से सम्मानित किया गया है। जिले की इस उपलब्धि पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सिविल सर्जन डॉ. जुझार मांझी सहित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि निश्चित ही राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किये जाने से जिले के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साह दोगुना हुआ है।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन इस दिशा में सतत प्रयासरत है कि स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करते हुए जिला अस्पताल की तरह अन्य सभी सरकारी अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी, ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सेवाओं को और बेहतर किया जाए।
सरकारी अस्पतालों के गुणवत्ता निर्धारण हेतु नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड सर्टिफिकेट एक पैमाना है। इसके विभिन्न मापदंडों पर खरा उतरने पर जिला अस्पताल, जमशेदपुर को राष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रमाणित किया गया। सदर अस्पताल को इसके लिए 86 प्रतिशत अंक प्राप्त मिला है।
सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने कहा कि राज्य में सबसे अधिक नंबर लाकर सदर अस्पताल ने यह पुरस्कार जीता है। सदर अस्पताल को यह दूसरी बार पुरस्कार मिला है।
नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड सर्टिफिकेट मिलने पर सदर अस्पताल में काटा गया केक
सदर अस्पताल को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड सर्टिफिकेट मिलने की खुशी में मंगलवार को सदर अस्पताल परिसर में केक काटा गया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ जुझार मांझी, एसीएमओ डॉ आलोक रंजन महतो, आरसीएच पदाधिकारी डॉ रंजीत पांडा, प्रेमा मांरडी, निशांत कुमार, मौसमी रानी, रवींद्र नाथ ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ जुझार मांझी ने बताया कि नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड सर्टिफिकेट प्रमाणीकरण अंतर्गत किसी भी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान का मूल्यांकन कुल आठ पैमानों पर किया जाता है। जिसमें प्रदत्त स्वास्थ्य सुविधाएं, मरीजों को प्राप्त अधिकार, मूलभूत संसाधन जैसे दवाई, सेवादाताओं, गुणवत्ता प्रबंधन एवं आंकड़ों आदि का उचित संधारण एवं आकलन महत्वपूर्ण है।
सिविल सर्जन ने कहा यह अवॉर्ड अस्पताल के विभिन्न वार्ड व ऑपरेशन थिएटरों की जांच के बाद दिया गया। इसमें अस्पताल के सभी विभाग के चिकित्सा पदाधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपनी अहम भूमिका निभाई है।
सिविल सर्जन ने ग्रहण किया प्रभार
पूर्वी सिंहभूम जिले के सिविल सर्जन डा. जुझार माझी को स्थायी तौर पर सिविल सर्जन बना दिया गया है। इसे लेकर विभाग ने सोमवार की देर रात अधिसूचना जारी किया। इससे पूर्व सिविल सर्जन प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे। मंगलवार को जिला स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने सिविल सर्जन को बधाई दी।
READ ALSO : देश के 15.5 लाख हवाई यात्रियों को वापस मिलेंगे 597 करोड़ रुपये, NCLT ने जारी किया नोटिस

