Jamshedpur : मौसम विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान के मुताबिक जिले में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर और अत्यधिक ठंड का प्रकोप रहने की चेतावनी जारी की गई है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य हित में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अहम आदेश जारी किया है।

आदेश के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले में संचालित सभी सरकारी, अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों में नर्सरी से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई 5 जनवरी 2026 और 6 जनवरी 2026 को पूरी तरह स्थगित रहेगी। यह फैसला भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत लिया गया है।
विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। हालांकि, यदि किसी विद्यालय में इस अवधि के दौरान प्री-बोर्ड परीक्षा निर्धारित है, तो विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार परीक्षा का संचालन कर सकता है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 6 जनवरी 2026 को सरकारी विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी विद्यालय में उपस्थित होकर eVV प्रणाली पर अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे और गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
इस आदेश को उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम का अनुमोदन प्राप्त है। आदेश की प्रतिलिपि उपायुक्त कार्यालय, सभी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं जिले के सभी विद्यालयों के प्रबंधन को सूचनार्थ एवं अनुपालन हेतु भेजी गई है।

