चाईबासा (झारखंड): पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त चंदन कुमार के खिलाफ मंगलवार को चाईबासा में मानकी-मुंडा एवं डाकुवा समाज के नेतृत्व में जनाक्रोश रैली मंगलवार को निकाली गई। सुबह लगभग 10 बजे खुंटकट्टी मैदान से शुरू हुई रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए सुपलसाई तक पहुंची।
रैली में हजारों की संख्या में ग्रामीण, युवा, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठन, महिला मंडल, कृषक बंधु, सेवानिवृत्त संगठन, आदिवासी छात्र संगठन और आदिवासी हो समाज महासभा के प्रतिनिधि शामिल हुए। जगह-जगह जाम की स्थिति बनी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
समाज के नेताओं ने उपायुक्त पर भावनाओं के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए उन्हें बर्खास्त करने की मांग की।
इधर, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पारंपरिक मुंडा-मानकी व्यवस्था पूर्ववत जारी रहेगी और इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया है। उपायुक्त चंदन कुमार ने कहा कि वंशावली निर्गत करने का अधिकार पहले की तरह मानकी और मुंडा के पास ही रहेगा। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी दी और कहा कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Read Also: सेवानिवृत रेलकर्मी से साइबर ठगी, बैंक खाते से 49,500 रुपये उड़ाए

