RANCHI: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और उद्योगों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को उद्योग जगत के समक्ष आ रही चुनौतियों, प्रक्रियागत अड़चनों और उनके संभावित समाधानों से अवगत कराया। उन्होंने राज्य में व्यापार को सुगम बनाने, औद्योगिक इकाइयों को बेहतर सुविधाएं देने और निवेश को प्रोत्साहित करने से जुड़े सुझाव भी रखे।
राज्य के आर्थिक सशक्तिकरण में चैंबर की भूमिका
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्योग क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और झारखंड के आर्थिक सशक्तिकरण में चैंबर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा व्यवसायिक वातावरण तैयार करना है, जिसमें उद्योगों को विकास के बेहतर अवसर मिलें और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलें।
प्रतिनिधिमंडल के सुझावों पर होगी कार्रवाई
प्रतिनिधिमंडलमुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों और सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार निरंतर प्रयास कर रही है कि निवेशकों का भरोसा बढ़े और झारखंड को एक उद्योग-अनुकूल राज्य के रूप में विकसित किया जा सके।
इनकी रही मौजूदगी
मौके पर एफजेसीसीआई के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल के साथ कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, मनीष श्राफ और डॉ. अभिषेक रामाधीन उपस्थित थे।
READ ALSO: RANCHI CRIME NEWS: नगड़ी में दिनदहाड़े 7 राउंड फायरिंग, इस गिरोह का आ रहा नाम

