Jamshedpur : झारखंड के बीएड कॉलेजों में संचालित बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा–2026 की अधिसूचना Jharkhand Combined Entrance Competitive Examination Board ने जारी कर दी है। बोर्ड द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 फरवरी 2026 से शुरू होकर 25 मार्च 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
जारी सूचना के अनुसार, आवेदन पत्र में सुधार की सुविधा 26 मार्च से 27 मार्च 2026 तक उपलब्ध रहेगी। प्रवेश परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल 2026 को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों—रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू और हजारीबाग—में ऑफलाइन (ओएमआर आधारित) माध्यम से किया जाएगा। अभ्यर्थी परीक्षा से चार दिन पहले अपना एडमिट कार्ड वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा में भाषा दक्षता, शिक्षण अभिरुचि और तर्कशक्ति से संबंधित बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल 100 अंकों की परीक्षा में भाषा से 30, शिक्षण अभिरुचि से 40 और तर्कशक्ति से 30 प्रश्न होंगे। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की सलाह दी है।
प्रवेश परीक्षा में शामिल होने की पात्रता
पात्रता मानदंड के तहत सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए स्नातक या स्नातकोत्तर में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं, जबकि एससी, एसटी, ओबीसी तथा दिव्यांग श्रेणी के लिए 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। इंजीनियरिंग या तकनीकी पृष्ठभूमि के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक आवश्यक होंगे। अंतिम वर्ष के विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन प्रवेश के समय आवश्यक अंक और प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
जानिए कितना लगेगा आवेदन शुल्क
परीक्षा शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 1000 रुपये, झारखंड राज्य के पिछड़ा वर्ग के लिए 750 रुपये, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और राज्य की महिला अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। मालूम हो कि यह पहली बार है जब बीएड में एडमिशन के लिए आवेदन की प्रक्रिया फरवरी में शुरू हो रही है।
Read Also: Ghatshila Water Supply : इंटेक वेल में आई खराबी के कारण दो दिन से घाटशिला में पेयजल आपूर्ति ठप्प

