रांची : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने को पूरी तरह से तैयार है। राज्य में ठंड का असर आने वाले दिनों में और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों के भीतर राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में फिर से तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। खासतौर पर न्यूनतम तापमान में अगले तीन दिनों के दौरान कमी दर्ज की जा सकती है, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने की संभावना जताई गई है।
आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज से राज्य में आसमान धीरे-धीरे साफ होगा। बादलों के हटने के बाद सर्द हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा, जिसका सीधा असर तापमान पर पड़ेगा। अनुमान है कि रांची में न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इसके साथ ही सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कुहासा छाने की भी संभावना जताई गई है।
कल का कैसा था मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड में मौसम शुष्क बना रहा। कई इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा और कुहासा देखने को मिला। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा और सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया। यह आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखा रही है।
किस कारण से हो रहा है मौसम में बदलाव
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले 24 घंटों के बाद ठंड बढ़ने की संभावना है। न्यूनतम तापमान के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। खूंटी, गुमला, पलामू, हजारीबाग और रामगढ़ जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे इन इलाकों में ठिठुरन काफी बढ़ जाएगी। दक्षिणी झारखंड के जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

