RANCHI: झारनेट प्रोफाइल अपडेट करने के निर्देश के बाद राज्य के करीब 80 हजार पुलिसकर्मी और पुलिस पदाधिकारी अपने दस्तावेजों को दुरुस्त करने में जुट गए हैं। हालांकि, इस पूरे मामले में अब तक सीआईडी जांच शुरू नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार सीआईडी को जांच से संबंधित आदेश की प्रति सोमवार देर शाम तक प्राप्त नहीं हुई थी। संभावना जताई जा रही है कि मंगलवार तक आदेश जारी कर दिया जाएगा।
वहीं झारनेट प्रोफाइल अपडेट करने के लिए पुलिसकर्मियों को जीपीएफ, पीआरएएन नंबर, नाम, पदनाम, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि, आधार संख्या, पैन नंबर, ईमेल आईडी, बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भरकर जमा करनी हैं। इसके साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक के पहले पृष्ठ की छायाप्रति या कैंसिल चेक भी संलग्न करना अनिवार्य किया गया है।
राज्य के सभी थाना, ओपी, मुख्यालय और अन्य इकाइयों में इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा रहा है। कुछ जिलों में एसपी द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि निर्धारित समय सीमा में प्रोफाइल अपडेट नहीं करने पर संबंधित पुलिसकर्मी का वेतन रोका जा सकता है। बता दें कि हाल के दिनों में बोकारो और हजारीबाग में पुलिस विभाग के अकाउंट सेक्शन से करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई थी। बोकारो में सेवानिवृत्त दारोगा के वेतन मद में 3.15 करोड़ रुपये और हजारीबाग में 15.41 करोड़ रुपये की अवैध निकासी का मामला उजागर हुआ था।

