Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनिज परिवहन पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। सरायकेला–खरसावां के डीसी नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर सोमवार को कांड्रा थाना क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाया गया।
जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने कांड्रा-टाटा मुख्य मार्ग पर वाहनों की जांच की। इस दौरान पिंडराबेड़ा के पास निर्धारित क्षमता से अधिक बालू का अवैध परिवहन करते हुए दो ओवरलोड वाहनों को पकड़ा गया। जब्त किए गए वाहनों के नंबर JH05BS-2996 और JH01DB-2401 हैं।
दोनों वाहनों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत कांड्रा थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में संबंधित नियमों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनन पदाधिकारी ने साफ कहा कि जिले में कहीं भी अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों और वाहनों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी बताया कि अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी नियमित और औचक जांच अभियान जारी रहेंगे।

