लातेहार : जिन बकरियों से घर चलता है, वही जब चोरी हो जाएं तो गुस्सा फूटना तय है। लातेहार में नए साल से ठीक पहले बकरी चोरी की घटना ने ग्रामीणों का सब्र तोड़ दिया और दो संदिग्ध युवकों को रंगे हाथों पकड़कर भीड़ ने कानून अपने हाथ में ले लिया।
नए साल 2026 के जश्न मनाने के लिए लातेहार जिले में बकरी चोरी की एक घटना ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया। पार्टी के लिए बकरा चुराने की कोशिश कर रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने दोनों को रस्सी से बांधकर पेड़ से खड़ा कर दिया और जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
कहां की है घटना
यह घटना लातेहार जिला मुख्यालय के शहरी क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 8 की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इलाके में बीते कुछ दिनों से लगातार बकरी चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त था। नए साल के मौके पर हुई इस वारदात ने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया।
कैसे सामने आई बकरी चोरी की वारदात
स्थानीय निवासी ननका भुइयां ने बताया कि बीती रात उनकी दो बकरियां चोरी हो गई थीं। सुबह जब उन्होंने आसपास खोजबीन की और मोहल्ले में पूछताछ की, तो कुछ लोगों ने जानकारी दी कि लातेहार के ही दो युवक बकरियां चुराकर ले जाते देखे गए हैं। इसके बाद ननका भुइयां ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू की। कुछ ही देर में दोनों युवक वार्ड क्षेत्र में ही मिल गए, जिन्हें ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।
ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, बांधकर की पिटाई
बकरी चोरी से नाराज ग्रामीणों ने दोनों युवकों को रस्सी से बांध दिया और पेड़ के पास खड़ा कर दिया। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। कई ग्रामीण चोरी गई बकरियों को वापस दिलाने की मांग कर रहे थे, जबकि कुछ लोग लगातार हो रही चोरियों से बेहद आक्रोशित नजर आए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना किसी ने सदर थाना पुलिस को दी। थाना क्षेत्र से महज 300 मीटर की दूरी पर घटना होने के कारण थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और दोनों युवकों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया। समय रहते पुलिस के पहुंचने से किसी बड़े हादसे या गंभीर हिंसा की आशंका टल गई। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है, वहीं बकरी चोरी के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
पीड़ित का आरोप-गिरोह बनाकर हो रही चोरी
पीड़ित ननका भुइयां ने पुलिस को बताया कि उनकी बकरियां ही नहीं, बल्कि इससे पहले भी उनकी एक बकरी चोरी हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि हाल के दिनों में गांव के कई लोगों की बकरियां गायब हुई हैं। ननका का आरोप है कि पकड़े गए युवक संगठित तरीके से गिरोह बनाकर बकरी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
Read Also- RANCHI NEWS: नामकुम में पत्रकार को जान से मारने की धमकी, घर के बाहर लहराया पिस्टल

