रांची : झारखंड में चुनाव की तारीखों की घोषणा हो चुकी है। प्रदेश में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। सभी पार्टियां जनता को लुभाने के लिए वादे कर रही हैं। कुछ तो वादों को पूरा करने के लिए शर्त भी रख रहे हैं। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने भी जनता के नाम सोशल मीडिया पर खुला पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने युवाओं से नौकरी का वादा किया, तो वहीं अपने बलिदान भी गिनाए।
झारखंड की जनता के नाम लिखे पत्र में सोरेन ने कहा कि मात्र 24 साल पुराने राज्य को लेकर आपके मन में भी कई सपने, उम्मीदें व आकांक्षाएं होंगी। उन्होंने लाखों युवाओं को नौकरी देने का वादा किया। हालांकि इसके लिए उन्होंने एक शर्त भी रखी। बीजेपी लीडर ने कहा कि यदि बीजेपी सत्ता में आती है, तो लाखों की संख्या में युवाओं को जॉब दी जाएगी।
लाखों युवाओं को मिलेंगी नौकरियां
चम्पाई ने वादा किया कि BJP की सरकार बनने के बाद 2.87 लाख नौकरियां दी जाएंगी। लगभग 5 लाख लोगों को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। इससे वैसे लोग भी मुख्य धारा से जुड़ पाएंगे, जो किसी कारणवश नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाते हैं।
बेदाग राजनीतिक सफर
झारखंड की आवाम के नाम लिखे पत्र में सोरेन ने कहा कि पिछले साढ़े चार दशकों के अपने बेदाग राजनीतिक सफर में हमने युवाओं, छात्रों, महिलाओं एवं बड़े-बुजुर्गों सहित समाज के सर्वांगीण विकास के लिए काम किया है। हमेशा हर किसी की शिकायतों को सुनकर, उसका समाधान तलाशने के लिए तत्पर रहा हूं।
मैं भी निराश हूं : चम्पाई सोरेन
अपने कामों की गिनती कराते हुए चम्पाई सोरेन ने कहा कि मेरे कार्यकाल के दौरान दर्जनों डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों का निर्माण कार्य शुरू किया गया। अपने पांच महीने के कार्यकाल के संबंध में उन्होंने कहा कि उस दौरान की गई नियुक्ति प्रक्रिया को रोकने की जिद्दोजहद ने न सिर्फ आपको, बल्कि मुझे भी निराश किया है।
बीजेपी की बात करते हुए चम्पाई ने कहा कि जब हम परिवर्तन की बात करते हैं, तो सिर्फ सत्ता नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था परिवर्तन की बात करते हैं। जहां क्लर्क से लेकर सीएम तक सब आपकी बात सुने। आपकी शिकायतों का ईमानदारी से निपटारा हो।
फर्स्ट टाइम वोटर से अपील
चम्पाई ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि आइए, ऐसी सरकार बनाते हैं जो कैलेंडर बना कर, पारदर्शिता के साथ काम करे। एक ऐसी व्यवस्था जिसमें सिर्फ योग्य एवं प्रतिभाशाली छात्रों का चयन हो, पेपर लीक औऱ भ्रष्टाचार की कोई जगह न रहे।
सोरेन ने पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से बीजेपी को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत होंगे। उन्होंने नया झारखंड बनाने की बात कही है, जिसमें लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
Read Also: Champai Soren : पूर्व CM चम्पाई सोरेन पहुंचे गुवाहाटी, मां कामाख्या देवी का किया दर्शन

