गोरखपुर: माफिया सुधीर सिंह को गोरखपुर लाने की अनुमति मिल गई है। हत्या की कोशिश के मामले में फरार चल रहे सुधीर को लखनऊ से ट्रांजिट रिमांड पर लाने की मंजूरी कोर्ट ने दे दी है। अब पुलिस 24 जून को उसे गोरखपुर लेकर आएगी और खजनी थाने में दर्ज मुकदमे में पूछताछ करेगी।

यह मामला 27 मई की रात का है, जब खजनी क्षेत्र में एक व्यापारी की दावत में सुधीर सिंह ने अपने पुराने साथी अंकुर शाही पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद मामला दर्ज हुआ और वह फरार हो गया। पुलिस के लगातार दबाव के चलते करीब 18 दिन बाद, 13 जून को सुधीर ने लखनऊ कोर्ट में आर्म्स एक्ट के एक पुराने मामले में आत्मसमर्पण कर दिया।
उसे गोरखपुर लाने के लिए खजनी थाने के दारोगा ने गोरखपुर कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दी थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद कोर्ट आदेश लखनऊ भेज दिए गए हैं। अब पुलिस उसे गोरखपुर लाकर पूछताछ करेगी।
पुलिस का मानना है कि सुधीर ने यह कदम गिरफ्तारी से बचने और कानूनी राहत पाने के लिए उठाया है। यह भी उल्लेखनीय है कि 2023 में शाहपुर थाने में दर्ज एक पुराने केस में गैर जमानती वारंट जारी होने पर उसने महाराजगंज कोर्ट में सरेंडर कर पुलिस को चकमा दिया था। इसी केस में नामजद एक अन्य आरोपी हिमाचल को हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है।

