गोड्डा: भारत द्वारा पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक के बाद देशभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में युद्ध जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए झारखंड के गोड्डा जिले में आज शाम 4 बजे से 7 बजे तक मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।
तीन संवेदनशील स्थानों पर होगा अभ्यास
गोड्डा जिला प्रशासन ने मॉक ड्रिल के लिए तीन अहम स्थानों को चिन्हित किया है:
अडानी पावर प्लांट (औद्योगिक क्षेत्र)
ईसीएल राजमहल कोल परियोजना, ललमटिया (एशिया का सबसे बड़ा ओपन कास्ट माइंस)
कारगिल चौक (शहरी मुख्य क्षेत्र)
इन क्षेत्रों में ब्लैकआउट किया जाएगा और सड़कों पर आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। यह अभ्यास पूरी तरह पूर्व नियोजित सुरक्षा पूर्वाभ्यास है।
अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब, संवेदनशीलता अधिक
उपायुक्त जीशान कमर ने बताया कि गोड्डा का यह क्षेत्र बांग्लादेश की सीमा से सटा हुआ है, जिससे इसकी रणनीतिक संवेदनशीलता और बढ़ जाती है। मॉक ड्रिल के जरिए यह परखा जाएगा कि युद्ध या आतंकी हमले की स्थिति में स्थानीय प्रशासन, औद्योगिक इकाइयाँ और नागरिक कितने तैयार हैं।
पैनिक की आवश्यकता नहीं: प्रशासन
उपायुक्त ने लोगों से पैनिक न होने और पूर्वाभ्यास को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ एक पूर्वाभ्यास है ताकि किसी वास्तविक संकट की स्थिति में प्रभावी प्रतिक्रिया दी जा सके।

