गिरिडीह: गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र स्थित जमुना नगर में बीती देर रात एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर न सिर्फ नकदी बल्कि ढाई लाख रुपये से अधिक के गहने चुरा लिए। हौल है।
खेत में खाली बक्सा फेंक मौके से हो गए फरार
जानकारी के अनुसार, चोरों ने मंगलवार रात दुकान का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर 6 हजार रुपये नकद के अलावा लगभग ढाई से तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के बाद चोरों ने दुकान में रखा बक्सा खेत में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
बुधवार की सुबह जब दुकान मालिक सुधीर प्रसाद सोनी दुकान पहुंचे तो उन्होंने देखा कि ताला टूटा हुआ है और सामान गायब हैं। उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई: जांच शुरू, छापेमारी जारी
बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि चोरी की वारदात गंभीर है और इसमें शामिल अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि चौकसी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना स्थल पर पहुंचे मुखिया संतोष प्रसाद ने कहा कि, अटका क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे लोगों में भय और आक्रोश है। उन्होंने कहा कि 15 दिन पहले भी सोलर प्लेट की चोरी हुई थी। पंचायत समिति सदस्य टेक नारायण साव ने भी पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अटका और आसपास के इलाकों में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए।

