सेंट्रल डेस्क : इजरायल द्वारा गाजा पर किए गए ताजा हमलों में पिछले 10 दिनों में कम से कम 322 बच्चों की मौत हो गई है और 609 अन्य बच्चे घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र बाल एजेंसी (UNICEF)ने इस संबंध में आंकड़े जारी करते हुए बताया कि इनमें वे बच्चे भी शामिल हैं जो 23 मार्च को गाजा के दक्षिणी हिस्से में स्थित अल नासर अस्पताल के सर्जिकल विभाग पर हुए हमले में मारे गए या घायल हुए थे।
यूनिसेफ ने कहा कि इन हमलों के कारण बहुत से बच्चे विस्थापित हो गए हैं और अब वे अस्थायी तंबुओं या क्षतिग्रस्त घरों में शरण ले रहे हैं। गाजा में इजरायल ने हमास के साथ युद्ध में संघर्ष विराम समाप्त करने के बाद 18 मार्च से गहन बमबारी और जमीनी हमले फिर से शुरू किए थे।
संयुक्त राष्ट्र बाल एजेंसी ने यह भी कहा कि लगभग 18 महीने के संघर्ष में अब तक 15,000 से अधिक बच्चे मारे जा चुके हैं और 34,000 से अधिक बच्चे घायल हुए हैं। इसके अलावा, लगभग दस लाख बच्चे बार-बार विस्थापित हुए हैं और उन्हें बुनियादी सेवाओं से वंचित किया गया है।
यूनिसेफ ने गाजा में शत्रुता समाप्त करने और मानवीय सहायता पर इजरायल से लगाए गए प्रतिबंध को हटाने का भी आह्वान किया। साथ ही, संस्था ने यह भी कहा कि बीमार और घायल बच्चों को चिकित्सा सहायता प्रदान की जानी चाहिए। यूनिसेफ ने चेतावनी दी कि गाजा में भोजन, सुरक्षित पानी, आश्रय और चिकित्सा देखभाल की भारी कमी है, जिससे कुपोषण, बीमारियां और अन्य रोकथाम योग्य स्थितियां बढ़ सकती हैं, जिससे बाल मृत्यु दर में और वृद्धि हो सकती है।
Read also Odisha Day 2025 : आज उत्कल दिवस क्यों मनाया जाता है, इसके इतिहास, संस्कृति, महत्व पर एक नजर

