चाईबासा: नगरपालिका (आम) निर्वाचन- 2026 के सफल संचालन को लेकर सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगरपालिका सह उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, चाईबासा नगर परिषद (वर्ग-ख) के सामान्य प्रेक्षक एजाज़ अनवर एवं व्यय प्रेक्षक विनय शंकर, चक्रधरपुर नगर परिषद (वर्ग-ख) के सामान्य प्रेक्षक उत्तम प्रसाद एवं व्यय प्रेक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार, सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी तथा अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के सभी निर्वाची पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

मतदान दल का गठन
बैठक के दौरान प्रेक्षकों को अवगत कराया गया कि जिले के अंतर्गत चाईबासा एवं चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में कुल 44 वार्ड, 87 मतदान केंद्र तथा 81,609 मतदाता हैं। आगामी सोमवार 23 फरवरी 2026 को निर्धारित मतदान तिथि पर स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए कुल 545 मतदान कर्मियों (रिजर्व सहित) का द्वितीय रेंडमाइजेशन कर मतदान दल का गठन किया जा चुका है।
बैठक में दी गई मुख्य जानकारियां
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि बैलट पेपर के माध्यम से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में 136 तथा चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में 108 मतपेटियों का उपयोग किया जाएगा। निर्वाचन कार्यों के लिए कुल 100 वाहनों की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि नगरपालिका निर्वाचन-2026 के अंतर्गत महिला कॉलेज, चाईबासा में बज्रगृह एवं मतगणना कक्ष की स्थापना की गई है, वहीं टाटा कॉलेज, चाईबासा से मतदान दलों को निर्धारित समय पर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु एसएसटी, एफएसटी एवं वीएसटी टीमों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है। व्यय निगरानी के लिए चक्रधरपुर नगर क्षेत्र में 4 तथा चाईबासा नगर क्षेत्र में 7 एसएसटी टीमों का गठन किया गया है, जबकि दोनों नगर परिषद क्षेत्रों में दो-दो एफएसटी दल भी सक्रिय हैं।
शिकायतों के त्वरित निवारण हेतु हेल्पलाइन नंबर
इसके साथ ही निर्वाचन से संबंधित शिकायतों के त्वरित निवारण हेतु निर्वाचन समाप्ति तक हेल्पलाइन एवं शिकायत कोषांग सह नियंत्रण कक्ष, मोबाइल नंबर 9835220231 के माध्यम से संचालित किए जाने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस बल एवं मतदान दल को स्कॉट बालिका मध्य विद्यालय, चाईबासा में प्रथम प्रशिक्षण दिया जा चुका है। सुरक्षा के मद्देनज़र सभी मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है।
READ ALSO: RANCHI NEWS: निकाय चुनाव में आचार संहिता उल्लंघन का आरोप, भाजपा ने राज्य निर्वाचन आयोग में की शिकायत

