जमशेदपुर: नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी (NIT) का 15वां दीक्षांत समारोह 29 दिसंबर को संस्थान परिसर में होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। वें करीब एक घंटे के कार्यक्रम में 45 मिनट तक रहेंगी। इस दौरान लंच भी राष्ट्रपति एनआईटी में ही करेंगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर सरायकेला खरसावां जिला प्रशासन की टीम भी संंस्थान के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। खुद डीसी भी कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर चुके हैं। हालांकि, अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि संस्थान परिसर में दीक्षांत समारोह किस जगह होगा।
कैंपस में एक-दो दिन में तय होगा दीक्षांत मंडप का स्थान
अधिकारियों का कहना है कि एक से दो दिनों में जगह तय कर लिया जाएगा। एनआईटी जमशेदपुर में पहली बार राष्ट्रपति के बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने की वजह से संस्थान के अधिकारी इसे भव्य रूप देने में लगे हुए हैं। वहीं राष्ट्रपति भवन की ओर से कॉलेज प्रशासन से कार्यक्रम का मिनट टू मिनट जानकारी मांगी गयी है। जिसे कॉलेज की एक टीम तैयार कर रही है। इस कार्यक्रम में इंट्री पास के जरिए मिलेगी, जिसे एनआईटी प्रशासन की ओर से जारी किया जाएगा। बिना पास किसी को भी इंट्री नहीं दी जाएगी।
17 कमेटी का किया गया गठन
दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए एनआईटी प्रशासन की ओर से 17 अलग अलग कमेटियों का गठन किया गया है। जिसका काम समारोह की तैयारी को अंतिम रूप देने के साथ ही इसे सफलता पूर्वक संपन्न कराना भी है। जो कमेटियों बनायी गयी हैं। उसमें सबसे अहम स्टेंडिंग कमेटी है जो संस्थान के डायरेक्ट प्रो गौतम सूत्रधर के नेतृत्व में बनी है। इसमें कुल 14 लोग शामिल हैं। इसके अलावा एडवाइजरी कमेटी, पर्चेस कमेटी, वेन्यू प्रिपरेशन कमेटी, डिग्री सर्टिफिकेट, अवार्ड, मेडल एंड हॉनरी डिग्री कमेटी, पब्लिकेशन कमेटी, इनवीटेशन कमेटी, टेक्निकल कमेटी, कनवोकेशन ड्रेस कमेटी, रिफ्रेशमेंट एंड लंच कमेटी, ट्रांसपोर्टेशन कमेटी, मीडिया सर्विसेज कमेटी, सेक्युरिटी सर्विसेज, रिशेप्शन फॉर स्टूडेंट कमेटी, एकेडमिक रिहर्सल व एचकेजीसी कमेटी।
1080 छात्रों को मिलेगी डिग्री
एनआईटी के दीक्षांत समारोह में कुल 1080 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी। इसमें यूजी व पीजी के छात्र शामिल है। जिन छात्रों को डिग्री दी जानी है उनकी सूची कॉलेज प्रशासन की ओर से तैयार करते हुए इसकी सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी गयी है। इसके साथ ही डिग्री के प्रिंटिंग का काम भी पूरा हो गया है। हालांकि इसमें कितने को गोल्ड मेडल दिया जाएगा इसकी जानकारी एनआईटी ने साझा नहीं की है।
विभागवार इतने छात्रों को मिलेगी डिग्री
बीटेक : 732
एमसीएए : 108
एमटेक : 106
एमएससी : 89
पीएचडी : 45

