- चैनपुर थाना क्षेत्र के गांधीपुर की है घटना, मंच गई थी अफरा-तफरी
Palamu : चैनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर शाम चलती बाइक में अकस्मात आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बाइक सवार युवक वक्त रहते बाइक से कूद गया। इस तरह उसने अपनी जान बचाई। मगप, आग लगने से बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।
ग्रामीणों की सहायता से आग पर नियंत्रण पाया गया। सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि गढ़वा जिले के रंका के रहने वाले इंद्रजीत पासवान सोमवार देर शाम रेहला से डाल्टनगंज जा रहे थे। तभी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांधीपुर में मेदिनीनगर-शाहपुर मेन रोड पर पहुंचते ही उनकी बाइक में अचानक आग लग गई।
आग की लपटें उठते देख इंद्रजीत पासवान फौरन बाइक से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और बाइक जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बाइक में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पूछताछ में बाइक सवार इंद्रजीत पासवान ने बताया कि उन्होंने करीब एक वर्ष पूर्व बाइक खरीदी थी और चलाने के दौरान अचानक बाइक में आग लगने का एहसास हुआ।
Read Also: Jamshedpur Accident: जादूगोड़ा में नशे में धुत ड्राइवर की कार शटर तोड़ होटल में घुसी, तीन लोग जख्मी

