
पलामू : जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। डालटनगंज रेलवे स्टेशन से सटे शांतिपुरी इलाके में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के खाटिन गांव निवासी 68 वर्षीय लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है। वह शिव प्रसाद राजकिशन की पत्नी थीं। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
रेलवे ट्रैक पर शव मिलने से फैली सनसनी
स्थानीय लोगों ने सुबह रेलवे लाइन पर एक महिला का शव पड़ा देखा। इसके बाद आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर टीओपी तीन के प्रभारी प्रदीप कुमार मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने शव की पहचान कराते हुए उसे रेलवे ट्रैक से हटवाया और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई।
कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थीं महिला
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मी देवी पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थीं। वह गुरुवार को घर से निकली थीं, जिसके बाद वापस नहीं लौटीं।परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की थी और महिला के लापता होने की जानकारी पुलिस को भी मौखिक रूप से दी गई थी। परिवार के सदस्य अपने स्तर पर भी लगातार खोजबीन कर रहे थे। इसी बीच शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास उनका शव मिलने की सूचना मिली।
जांच में जुटी पुलिस
टीओपी तीन प्रभारी प्रदीप कुमार मेहता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई प्रतीत होती है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

