मेदिनीनगर : पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोटवा गांव के समीप मंगलवार की शाम करीब सात बजे दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के करर गांव निवासी राजेस्वर यादव के 30 वर्षीय पुत्र बीरबल कुमार के रूप में की गई है। वहीं घायलों में तरहसी थाना क्षेत्र के सुग्गी गांव निवासी गुरुसहाय राम की 45 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी तथा उनका 25 वर्षीय पुत्र जयप्रकाश कुमार शामिल हैं।
घटना के संबंध में बताया गया कि घायल मां-बेटा मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल से इलाज कराकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लेस्लीगंज के लोटवा गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मेदिनीनगर एमएमसीएच अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने बीरबल कुमार को मृत घोषित कर दिया।
वहीं घायल मां-बेटे का इलाज डॉ. रोहित पांडेय की देखरेख में चल रहा है। बताया जा रहा है कि उर्मिला देवी की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

