Palamu : पलामू में नेशनल हाईवे-39 पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को चीख-पुकार में बदल दिया। 31 वर्षीय राहुल पाठक की एक तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से मौत हो गई। चंद दिन पहले जिस घर में शादी की शहनाई गूंज रही थी, अब वहां मातम पसरा है।

कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, राहुल सोमवार की सुबह बैंक से पैसे निकालने के बाद सिंगरा की ओर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें एमएमसीएच मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में कोहराम
दुर्घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। 28 नवंबर को ही राहुल की शादी सिमडेगा निवासी नेहा कुमारी से होटल माया पैलेस में हुई थी। शादी के मात्र दो दिन बाद हुए हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
पुलिस कार्रवाई
सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी लालजी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने टक्कर मारने वाले हाइवा वाहन को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। राहुल के शव का पोस्टमॉर्टम एमएमसीएच में कराया गया।
कौन थे राहुल पाठक
राहुल मूल रूप से पंजरी गांव के निवासी थे और मनोज पाठक के पुत्र थे। वर्तमान में वे सुदना मोहल्ला में परिवार के साथ रहते थे। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और परशुराम सेना से भी जुड़े थे।

