Palamu : पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के रहेया गांव में एक रोड ऐक्सीडेंट ने खुशियों भरे घर को मातम में बदल दिया। यहां बहन की शादी की तैयारी में मार्केट जा रहे एक युवक की रास्ते में हुई दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक फैल गया है।

गौरतलब है कि रहेया गांव के रहने वाले अकबर अंसारी अपनी बहन की शादी के लिए सामान खरीदने बाइक से बाजार जा रहा था। इसी दौरान कार्तिक उरांव हाई स्कूल के नजदीक सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अकबर अंसारी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, दूसरी बाइक पर सवार मनातू थाना क्षेत्र के चक अदौरिया निवासी सुनील कुमार अपनी दो बहनों को मैट्रिक परीक्षा दिलाकर घर लौट रहा था। ऐक्सीडेंट में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। यहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विक्की कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। इधर, अकबर की मौत से परिवार में कोहराम है। जिस घर में विवाह की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
Read Also- Hazaribagh News : हजारीबाग के पूर्व DSO पर चलेगी विभागीय कार्यवाही

