पलामू: पलामू पुलिस ने साढ़े छह किलो से अधिक अफीम बरामद कर तस्करी के संदेह में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मोबाइल व कार की भी बरामदगी की है। रात लगभग दो बजे मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक कार से एक युवक द्वारा अवैध अफीम लेकर डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन की ओर जाने की कोशिश की जा रही है।
विशेष टीम का गठन कर पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। सशस्त्र बल के साथ रेडमा चौक से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक सफेद रंग की मारूति बलेनो कार (पंजीयन संख्या – JH01F Y 5271) संदिग्ध प्रतीत हुई। पुलिस टीम ने कार को रोककर जांच की। कार में काले रंग का बैगपैक लिये एक युवक ड्राइविंग सीट पर बैठा था। तलाशी के क्रम में उक्त बैग से 6 अलग-अलग पारदर्शी प्लास्टिक पैकेट में भूरा गीला पदार्थ मिला, जो देखने में अफीम जैसा प्रतीत हो रहा था।
किट से जांच में अफीम की हुई पुष्टि
परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन ने सभी पैकेटों की DD किट से जांच की। इस जांच में अफीम की पुष्टि हुई। इसके बाद सभी पैकेटों का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन किया गया, जिनका कुल वजन 6.523 किलोग्राम पाया गया। कार में बैठे युवक अभिषेक कुमार (उम्र लगभग 22 वर्ष) के पिता का नाम राजू राम बताया गया। आरोपी पलामू जिले के चैनपुर थाना अंतर्गत बंदुआ शाहपुर का रहनेवाला है। उससे अफीम के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, परंतु वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद कार सहित उसे थाने लाया गया।
आरोपी को भेजा गया जेल
इस संबंध में शहर थाने में NDPS Act 1985 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक कुमार बंगाल के राजारहाट थाना (विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट) में भी वांछित है। पुलिस की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पलामू के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस द्वारा नशा तस्करी एवं फरार अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
बरामद सामग्री
- 6.523 किलोग्राम अवैध अफीम
- Vivo एंड्रॉयड मोबाइल, सिम – एयरटेल (7645080384), जियो (9508197979)
- मारूति बलेनो कार (JH01F Y 5271)
छापामारी दल में ये रहे शामिल
परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन, पुलिस अवर निरीक्षक तंजिलुल मन्नान, सहायक अवर निरीक्षक इन्द्रदेव पासवान, सहायक अवर निरीक्षक संदीप राम, राजेश कुमार साहू व अजय सिंह के अलावा आरक्षी अनिल पासवान, नंदलाल पटेल, सतेन्द्र कुमार राम और संजीव मल्लिक।

