पटना : पटना एयरपोर्ट पर उस समय अफरातफरी मच गई जब Air India Express की दो उड़ानों के यात्रियों को उनके लगेज बैग नहीं मिले। यात्रियों ने कड़ा विरोध जताया और CISF के जवानों को हस्तक्षेप करना पड़ा। यह घटना बीते 15 दिनों में दूसरी बार हुई है, जब एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों में ऐसा मामला सामने आया है।
चेन्नई से पटना: उड़ान संख्या IX1634
एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX1634 चेन्नई से 180 यात्रियों को लेकर पटना पहुंची। यात्रियों के अनुसार, बेल्ट पर लगेज नहीं आया। इंतजार के बाद जब भी कोई सामान नहीं आया तो यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
बेंगलुरु से पटना: उड़ान संख्या IX2936
इसी प्रकार की समस्या बेंगलुरु से आई फ्लाइट IX2936 के साथ भी हुई। यह फ्लाइट 167 यात्रियों को लेकर पटना पहुंची थी। यात्रियों को बेल्ट नंबर 4 पर सामान मिलने की सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई सामान नहीं आया।
लगभग 100 यात्रियों का सामान छूटा पीछे
सूत्रों के अनुसार, दोनों फ्लाइटों के लगभग 100 यात्रियों का सामान चेन्नई और बेंगलुरु में ही छूट गया। यात्रियों का कहना है कि फ्लाइट टेकऑफ से पहले उनके बैग लोड ही नहीं किए गए थे। किसी तकनीकी कारणवश कुछ यात्रियों का सामान छूट गया है। उन्हें अगली फ्लाइट से भेजा जाएगा। – एअर इंडिया एक्सप्रेस स्टाफ
यात्रियों में आक्रोश, CISF से हुई बहस
कई यात्री ऐसे भी थे जिन्हें दूसरी कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी थी या पटना से अन्य शहरों के लिए रवाना होना था। सामान न मिलने से वे गुस्से में आ गए और एयरलाइन स्टाफ व CISF जवानों से तीखी बहस हुई। मामले को CISF के वरिष्ठ अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर शांत कराया।
15 दिनों में दूसरी बार ऐसा मामला
यह 15 दिनों में दूसरी बार है जब एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों में इस तरह का मामला सामने आया है। इससे यात्रियों में एयरलाइन की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल कई यात्री पटना एयरपोर्ट पर अपने सामान का इंतजार कर रहे हैं।
Read Also- Chaibasa News : महिला की टांगी से की हत्या, पति हिरासत में

