नई दिल्ली : PM Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शपथ ग्रहण के एक दिन बाद से ही बड़े फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की पहली कैबिनेट बैठक सोमवार को हुई। कैबिनेट ने अपने पहले फैसले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 करोड़ नए घर बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल रविवार को 71 मंत्रियों के साथ शपथ ली थी। प्रधानमंत्री सहित 72 मंत्रियों में से 30 कैबिनेट मंत्री, पांच स्वतंत्र प्रभार वाले और 36 राज्य मंत्री बनाए गए हैं।
आपको बता दें कि मोदी-3.0 कैबिनेट की पहली बैठक में फैसला लिया गया कि सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 करोड़ घर बनाएगी।
PM Narendra Modi : ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में बनेंगे घर
केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर फैसला लिया गया। इसके तहत तीन करोड़ ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में घरों के निर्माण के लिए सहायता प्रदान की जाएगी। दरअसल प्रधानमंत्री आवास योजना की शुरूआत 25 जून 2015 को की गई थी। इस योजना का मकसद ग्रामीण और शहरी परिवारों को बुनियादी सुविधाओं वाले मकान बनाने में सहायता प्रदान करना है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पिछले 10 सालों में योग्य गरीब परिवारों के लिए कुल 4.21 करोड़ मकान बनकर तैयार हो चुके हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित सभी मकानों में केंद्र सरकार और राज्य सरकारों की अन्य योजनाओं के साथ तालमेल करके और अन्य बुनियादी सुविधाएं जैसे घरेलू शौचालय, एलपीजी कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, घरेलू नल कनेक्शन आदि उपलब्ध कराए जाते हैं।
PM Narendra Modi : क्या है प्रधानमंत्री आवास योजना
प्रधानमंत्री आवास योजना को भारत के बेघर नागरिकों के लिए शुरू किया गया था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब लोगों को सरकार वित्तिय सहायता देकर घर बनवाने में मदद करती है। सरकार ने साल 2015 में शुरू हुई इस योजना के तहत 2023 तक सभी गरीबों को घर मुहैया कराने का लक्ष्य रखा था।
Read Also-ओडिशा के नए मुख्यमंत्री बन सकते ये नेता, आज होगी भाजपा विधायक दल की बैठक

