Potka : पोटका विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए हाईकेगोड़ा चौक से धोवाडूंगरी होते हुए चांगीरा तक बनने वाली सड़क का बुधवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में शिलान्यास कर परियोजना की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली इस सड़क की लंबाई करीब 3.70 किलोमीटर होगी, जिस पर लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत आएगी। लंबे समय से इस सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों में शिलान्यास के बाद खुशी का माहौल देखने को मिला।
आवागमन होगा आसान, गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
इस सड़क के निर्माण से हाईकेगोड़ा, धोवाडूंगरी और चांगीरा समेत आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। खासकर बरसात के दिनों में जहां रास्ते जर्जर होने से लोगों को भारी परेशानी होती थी, अब इस नई सड़क से राहत मिलेगी। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़े कार्यों के लिए भी लोगों की पहुंच आसान होगी।
सरकार गांव-गांव तक पहुंचा रही विकास: संजीव सरदार
शिलान्यास के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के जरिए गांवों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है, जिससे विकास की गति तेज हो रही है।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में पोटका क्षेत्र को रिंग रोड की सुविधा भी मिलेगी, जिससे आवागमन और सुगम होगा।
गुणवत्ता और समय सीमा पर विशेष जोर
विधायक ने संबंधित विभाग और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे निर्माण कार्य की निगरानी करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही की सूचना तुरंत दें इस मौके पर मुखिया कान्हू मुर्मू, रामप्रधान बीरसिंह बास्के, कीस्टो भूमिज, वार्ड सदस्य चंपा हेम्ब्रम, बिनोद महतो, भोला बोदरा, जगत मार्डी, भागवत मार्डी, माया हेम्ब्रम, सिदु हेम्ब्रम, जनता सरदार, मानू भूमिज और गंगारानी बोदरा सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

