Home » Potka Accident : पोटका में तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचला, मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर हाता-टाटा मार्ग जाम

Potka Accident : पोटका में तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचला, मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर हाता-टाटा मार्ग जाम

ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। ट्रक की चपेट में आने से सुमन गंभीर रूप से कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

by Mujtaba Haider Rizvi
potka accident jamshedpur
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पोटका थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पावरू पहाड़ मोड़ के पास तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक ने पैदल जा रहे युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के उरूघुटू गांव निवासी सुमन मंडल (25) के रूप में हुई है। वह पोल्ट्री ढोने वाले पिकअप वैन में खलासी का काम करता था।

गौरतलब है कि रविवार सुबह पावरू पहाड़ स्थित वाशिंग सेंटर में पिकअप वैन की धुलाई कराई जा रही थी। वाहन धुलने के बाद सुमन नाश्ता करने के लिए सड़क किनारे स्थित एक होटल की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान पावरू पहाड़ मोड़ चौक के पास शाह स्पंज कंपनी से माल खाली कर लौट रहे 12 चक्का ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। ट्रक की चपेट में आने से सुमन गंभीर रूप से कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर हाता-टाटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

जाम और हंगामे की सूचना मिलने पर पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने और सड़क से जाम हटाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे में शामिल ट्रक का नंबर सीजी-15-डीएच-5176 बताया गया है। पुलिस चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। ट्रक की गति समेत दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य कराने के लिए पुलिस ग्रामीणों से लगातार बातचीत कर रही है।

Read also Jamshedpur Flood: कई डैमों के गेट खुलने से जमशेदपुर में नदियां उफान पर, खरकई नदी खतरे के पार

Related Articles