Jamshedpur : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एक बार फिर 26 फरवरी को जमशेदपुर आ रही हैं। यहां वह जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चैरिटेबल सेंट्रल ट्रस्ट के नए केंद्र का भूमि पूजन करेगी। यह केंद्र युवा सशक्तिकरण, आध्यात्मिक, जागरूकता और सांस्कृतिक शिक्षा को समर्पित होगा।

ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी एवं आरसीबी ग्लोबल के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि यह योजना केवल धार्मिक गतिविधि तक सीमित नहीं रहेगी। बल्कि युवाओं और शोधार्थियों के विकास के लिए सशक्त मंच बनेगी। यहां आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रशिक्षण, शिक्षा और सामाजिक उत्थान से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
मंदिर का निर्माण होने में लगेंगे 4 साल
ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी ने कहा कि प्रस्तावित मुख्य मंदिर संरचना को पूरा होने में 4 वर्ष लगेंगे। ट्रस्ट अपने आध्यात्मिक केंद्र को प्राथमिकता देते हुए उसे जल्द क्रियाशील बनाने की योजना तैयार कर रहा है। ताकि समाज को इसका फौरन लाभ मिल सके। एसके बेहरा ने बताया कि भूमि पूजन समारोह को भव्य बनाया जाएगा। इसके लिए तैयारी जोर-शोर से चल रही है। ट्रस्ट ने विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और आध्यात्मिक संगठनों से भी सहयोग की अपील की है।
जब राज्यपाल थीं द्रौपदी मुर्मू तब आवंटित हुई थी जमीन
एसके बेहरा ने बताया कि यह भूमि ट्रस्ट को तब आवंटित की गई थी जब द्रौपदी मुर्मु झारखंड की राज्यपाल थीं। कई कानूनी और प्रशासनिक चुनौतियों के बाद अब योजना धरातल पर उतर रही है। उन्होंने बताया कि भूमि पूजन के बाद राष्ट्रपति एक सभा को भी संबोधित करेंगी। इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को भी आमंत्रित किया गया है।

