
Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के समीप राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन गिरफ्तार अपराधियों में सब्बे गुरुवार की सुबह पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था। उसके दोनों पैर में गोली लगी है। उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। बाकी गिरफ्तार 3 हत्यारोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
हत्या की इस घटना के बाद गठित विशेष जांच टीम आरोपियों को दबोचने के साथ ही मामले के मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ सब्बे को हथियार बरामदगी के लिए मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर 14 फारेस्ट एरिया लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल आरोपी का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा पर ईंट, पत्थर और लकड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के भाई राजा कुमार की शिकायत पर मानगो थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। मुख्य आरोपी साहेब सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने जवाहरनगर फॉरेस्ट लाइन, रोड नंबर-14 स्थित झाड़ियों में हथियार छिपा रखा है। पुलिस उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची, तभी उसने वहां छिपाकर रखी एक लोडेड देसी पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें साहेब सिंह घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ सब्बे, अफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय का आपराधिक इतिहास रहा है। मुख्य आरोपी साहेब सिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में पहले से विभिन्न थानों में केस दर्ज हैं। वहीं अफताब अली के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

