RANCHI: रांची के कांके रोड स्थित जज कॉलोनी के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। बताया जा रहा है कि वाहन के ब्रेक फेल हो जाने के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के वक्त कार में एक परिवार सवार था। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर की आवाज काफी तेज थी, जिससे आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

