RANCHI: रांची नगर निगम ने शहर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत महत्वपूर्ण कदम उठाया है। स्वच्छ भारत मिशन शहरी के तहत ट्रेकर स्टैंड में बनाए गए 50 टन प्रतिदिन क्षमता वाले मेटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) केंद्र का रविवार को अपर प्रशासक संजय कुमार ने निरीक्षण किया। अपर प्रशासक ने निगम अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ केंद्र की व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि यह एमआरएफ केंद्र प्रतिदिन प्राइमरी वेस्ट कलेक्शन से मिले मिक्स कचरे के डिस्पोजल में अहम भूमिका निभाएगा। केंद्र में सूखे कचरे जैसे प्लास्टिक, कागज, धातु और कांच का को अलग कर री-साइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा। जबकि गीले कचरे को बायोगैस उत्पादन के लिए गेल प्लांट को दिया जाएगा। इससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। निरीक्षण में सहायक प्रशासक, पीएमसी प्रतिनिधि, निगम के इंजीनियर, मेसर्स स्वच्छता कॉरपोरेशन के प्रतिनिधि सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
शहर में चल रहे 4 सेंटर
नगर निगम द्वारा अब तक हरमू, मधुकम, कर्बला चौक और नागा बाबा वेजिटेबल मार्केट के समीप चार एमआरएफ केंद्रों का संचालन शुरू किया जा चुका है। ट्रेकर स्टैंड स्थित पांचवां केंद्र फिलहाल ट्रायल रन पर है। अपर प्रशासक ने कहा कि आधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। इतना ही नहीं निगम की आय में वृद्धि की संभावना बनेगी। यह पहल रांची को गार्बेज फ्री सिटी बनाने और स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
READ ALSO:Hazaribag News : हाथियों को ट्रेस करने आई पश्चिम बंगाल क्यूआरटी के दो सदस्यों की सड़क हादसे में मौत

