Home » RANCHI NEWS: बड़ा तालाब का ड्रोन सर्वे पूरा, जानें क्या मिला नगर निगम के अधिकारियों को

RANCHI NEWS: बड़ा तालाब का ड्रोन सर्वे पूरा, जानें क्या मिला नगर निगम के अधिकारियों को

by Vivek Sharma
BADA TALAB
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: रांची नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख जलस्रोतों के संरक्षण और सुव्यवस्थित करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए विवेकानंद सरोवर (बड़ा तालाब) का विस्तृत निरीक्षण और आकलन कार्य पूरा कर लिया गया है। नगर निगम के प्रशासक ने तालाब का भ्रमण कर ड्रोन सर्वेक्षण और स्थल मापी के माध्यम से पूरे क्षेत्र का भौतिक सत्यापन कराया गया। ड्रोन से प्राप्त चित्रों का मिलान नगर निगम के म्युनिसिपल सर्वे (MS) मैप्स से किया गया। इसके बाद तालाब और उसके आसपास के क्षेत्रों की चारों दिशाओं में स्थल पर मापी कराई गई। जिससे तालाब की वास्तविक सीमा, वर्तमान उपयोग और संरचनात्मक स्थिति का सटीक आकलन संभव हो सका।

46 एकड़ में फैला है तालाब

संयुक्त सर्वेक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि विवेकानंद सरोवर परिसर कुल 53 एकड़ 22 डिसमिल क्षेत्र में फैला हुआ है। इसमें से लगभग 46 एकड़ क्षेत्र वास्तविक जल क्षेत्र के अंतर्गत है। वहीं बचे हुए लगभग 8 एकड़ क्षेत्र में सड़क, शौचालय, पार्क, 3 एमएलडी क्षमता का एसटीपी का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा अन्य सार्वजनिक और रोड से जुड़ी संरचनाएं स्थित हैं। इस आकलन से तालाब क्षेत्र में विकास कार्यों और संरचनाओं की स्थिति स्पष्ट रूप से चिन्हित हो चुकी है।

गंदगी फैलाने वालों की खैर नहीं

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के प्रशासक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि तालाब क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण करने वालों और गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बड़ा तालाब परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सिविल और विकास कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे। जिससे यह क्षेत्र नागरिकों के लिए एक बेहतर और आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित हो सके।

छोटा तालाब का होगा सौंदर्यीकरण

बड़ा तालाब के बाद प्रशासक द्वारा छोटा तालाब का भी स्थल निरीक्षण किया गया। इस दौरान तालाब के आसपास मार्गों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को चिन्हित किया गया और संबंधित अधिकारियों को इनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही छोटा तालाब के सौंदर्यीकरण और पर्यावरणीय संरक्षण के लिए कार्य योजनाएं तैयार करने को कहा गया। प्रशासक ने कहा कि शहर के जलस्रोत केवल जल संरचनाएं नहीं हैं, बल्कि वे पर्यावरणीय संतुलन, शहरी सौंदर्य और नागरिकों की जीवन गुणवत्ता से सीधे जुड़े हैं। नगर निगम इन्हें अतिक्रमण-मुक्त रखते हुए स्वच्छ और संरक्षित सार्वजनिक स्थलों के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इनकी रही मौजूदगी

निरीक्षण के दौरान उप प्रशासक रविंद्र कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, अंचल कार्यालय के पदाधिकारी, नगर निगम के अमीन और अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

READ ALSO: RANCHI ALBERT EKKA NEWS: शहीद अल्बर्ट एक्का की जयंती पर भाजपा ने दी श्रद्धांजलि, झारखंड सरकार पर लगाया ये आरोप

Related Articles