RANCHI: रेलवे सुरक्षा बल रांची और फ्लाइंग टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन नार्कोस के तहत चलाए गए विशेष जांच अभियान में आरपीएफ ने 14 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर देर रात आरपीएफ पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम द्वारा रांची रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान ट्रेन संख्या 15027 के रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर आगमन के समय कोच संख्या S-3 की जांच की गई। जांच के दौरान तीन संदिग्ध बैग पाए गए, जिनके पास दो पुरुष और एक महिला बैठे हुए थे।
आरपीएफ द्वारा पूछताछ करने पर तीनों व्यक्तियों ने बैग अपने होने की बात स्वीकार की, लेकिन बैग में रखे सामान के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। आगे की पूछताछ में एक व्यक्ति ने बैग में गांजा होने की बात कबूल की। तत्काल इसकी सूचना पोस्ट कमांडर रांची को दी गई। तीनों संदिग्धों को उनके बैग सहित प्लेटफॉर्म पर उतार लिया गया और ट्रेन को रवाना किया गया। मामले की जानकारी सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार सिंह को दी गई। बरामद पदार्थ की डीडी टेस्ट किट से जांच की गई, जिसमें गांजा होने की पुष्टि हुई। कुल 14 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गांजा के साथ तीनों आरोपियों को जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया।

