
RANCHI: आरपीएफ पोस्ट ने सतर्कता दिखाते हुए तीन नाबालिग बच्चों को लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित बचाया। यह कार्रवाई 26 अप्रैल को मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर की गई। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर तीन बच्चे संदिग्ध अवस्था में एक बेंच पर बैठे मिले। पूछताछ में बच्चों ने अपनी पहचान अमीश मुंडा (11 वर्ष), संतोष बिलोर (10 वर्ष) और रमेश बिलोर (10 वर्ष) के रूप में बताई। सभी बच्चे रांची के मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र के निवासी हैं।बातचीत के दौरान बच्चों ने स्वीकार किया कि वे बिना अपने घरवालों को बताए घर से भागकर लोहरदगा पहुंच गए थे। इसके बाद आरपीएफ ने चाइल्ड हेल्पलाइन लोहरदगा को सूचना दी। सूचना मिलते ही केस वर्कर मो इस्तखार आलम और सुनीमा कुमारी मौके पर पहुंचे। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों बच्चों को सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को सौंप दिया गया। इस कार्य में उपनिरीक्षक एल.के. मिश्रा सहित आरपीएफ स्टाफ एसआर इंदवार, बिनोद गोपे और आजाद कुमार की अहम भूमिका रही।

