खेल डेस्क, नई दिल्ली. RR vs LSG/ आईपीएल 2024 के 44वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया। लखनऊ के घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान को 198 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने कप्तान संजू सैमसन और ध्रुव जुरेल की 121 रनों की बेहतरीन साझेदारी के दम पर 19 ओवरों में हासिल कर लिया। सैमसन 71 और जुरेल 54 रन बनाकर नाबाद लौटे। इससे पहले लखनऊ के लिए कप्तान राहुल ने 76 रनों की पारी खेली। राजस्थान की ये 8वीं जीत है। टीम के 16 पॉइंट्स हो गए हैं।
कैसा रहा मैच ( RR vs LSG)
लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में सबसे बड़ा स्कोर चेज हुआ। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। लखनऊ ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 196 रन बनाए। केएल राहुल ने 48 गेंद पर 76 और दीपक हुड्डा ने 31 गेंद पर 50 रन का योगदान दिया। राजस्थान के लिए संदीप शर्मा ने 2 विकेट लिए। ट्रेंट बोल्ट, आवेश खान और रविचंद्रन अश्विन ने 1-1 विकेट लिए।
राजस्थान ने 19 ओवर में ही 197 रन का टारगेट चेज कर लिया। संजू सैमसन ने 33 गेंद पर 71 और ध्रुव जुरेल ने 34 गेंद पर 52 रन ठोके। लखनऊ के लिए यश ठाकुर, मार्कस स्टोइनिस और अमित मिश्रा ने 1-1 विकेट लिए। राजस्थान की टीम 9 में से 8 मैच जीतकर 16 अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। राजस्थान ने लगातार चौथा मैच अपने नाम किया है। उसे अगला मैच 2 मई को सनराइजर्स हैदराबाद से खेलना है।
राजस्थान की दमदार शुरुआत
197 रनों का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने दमदार शुरुआत की। जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की। लखनऊ सुपरजायंट्स के तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने जोस बटलर को क्लीन बोल्ड कर लखनऊ को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद यशस्वी जायसवाल भी मार्क्स स्टोइनिस की गेंद पर कैच आउट हो गए।
लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए कप्तान केएल राहुल चमके
इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 48 गेंदों पर 76 रन बनाए। लखनऊ सुपर जाएंट्स की शुरूआत बेहद खराब रही। क्विंटन डी कॉक और मार्कस स्टॉयनिस 11 रनों तक पवैलियन का रूख कर चुके थे। क्विंटन डी कॉक ने 3 गेंदों पर 8 रन बनाए। मार्कस स्टॉयनिस बिना कोई रन बनाए पवैलियन लौट गए। आखिरी ओवरों में क्रुणाल पांड्या और आयुष बदोनी ने अहम रन जोड़े।
READ ALSO: जमशेदपुर पहुंचे सुनील गावस्कर बाेले, मेरी पसंदीदा IPL टीम मुंबई इंडियंस, जानें प्रदर्शन पर क्या कहा

