Jamshedpur News : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित लाल बाबा फाउंड्री के पास एक गोदाम से लाखों रुपये मूल्य के स्क्रैप चोरी का मामला सामने आया है। यह घटना 28 जून की देर रात को अंजाम दी गई, लेकिन इसकी लिखित शिकायत चार दिन बाद, 2 जुलाई को थाने में दर्ज कराई गई।
बताया जा रहा है कि चोरी की यह वारदात केआर मेटल इंटरप्राइजेज के गोदाम में हुई, जो लाल बाबा फाउंड्री परिसर से सटा हुआ है। इस गोदाम में लोहे, स्टील और अन्य धातुओं का स्क्रैप संग्रहित किया जाता है। अनुमान के अनुसार करीब तीन से पांच लाख रुपये मूल्य की स्क्रैप सामग्री चोरी हुई है।
घटना की जानकारी गोदाम मालिक रामजीत राय को 29 जून की सुबह मिली। वे मानगो डिमना रोड स्थित मून सिटी के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरी रात करीब 11 बजे से लेकर एक बजे के बीच अंजाम दी गई।
मामले की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच प्रारंभ कर दी गई है और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Read Also: जमशेदपुर में बड़ा पुलिस प्रशासनिक फेरबदल, 11 थाना प्रभारियों का तबादला, कई अफसर लाइन में

