Simdega : सिमडेगा जिले के गिरदा ओपी प्रभारी पर रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर इस मामले में लिखित शिकायत की है। इसमें ओपी प्रभारी पर अवैध वसूली और बेवजह लोगों को परेशान करने का इल्ज़ाम लगाया गया है। शिकायत मिलते ही एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फौरन जांच के आदेश दे दिए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि गिरदा ओपी प्रभारी विद्यासागर चौरसिया इलाके में लोगों पर दबाव बनाकर पैसे की मांग करते हैं। इल्जाम है कि जोशपा टुडू ने प्रशासन से अनुमति लेकर जलावन के लिए आम का एक पेड़ कटवाया था। लकड़ी लोड करते समय पुलिस ने ट्रैक्टर और लकड़ी जब्त कर ली थी और छोड़ने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि मजबूरी में पैसे देने पड़े थे।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई से गांव में डर का माहौल है। लोग मानसिक रूप से परेशान हैं और पुलिस की कार्रवाई के डर से खुलकर बोल नहीं पा रहे हैं।
मामले को संजीदगी से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने एसडीपीओ को जांच सौंपी है। एसपी ने साफ कहा है कि अगर, इल्जाम सही पाए गए तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में जिले के कई थाना प्रभारियों के खिलाफ भी शिकायतें सामने आई हैं। कुछ दिन पहले भाजपा नेताओं ने सदर थाना प्रभारी पर भी कार्यकर्ता से मारपीट का इल्ज़ाम लगाते हुए एसपी को आवेदन सौंपा था। हालांकि उस मामले की जांच रिपोर्ट का अभी तक पता नहीं चल पाया है। ऐसे में ग्रामीणों का खुलकर शिकायत करना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

