Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ अभियान के तहत आरपीएफ ने (रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स) ने बड़ी कार्रवाई की है। आरपीएफ ने एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर लिया है। यह चोर कई महीनों से रेलवे स्टेशन पर सक्रिय था और कई यात्रियों का मोबाइल उड़ा चुका है। यह कार्रवाई चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर RPF की उड़नदस्ता टीम ने की।

कई यात्रियों का उड़ा चुका है मोबाइल
गौरतलब है कि वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त को सूचना मिली थी कि टाटानगर रेलवे स्टेशन से कई यात्रियों का मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया है। यात्री हड़बड़ी की वजह से ट्रेन पकड़ने के चक्कर में मामले की शिकायत नहीं कर पाते थे। यह जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी ने टाटानगर में तैनात आरपीएफ के अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए चोर को फौरन गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। इसके बाद यह गिरफ्तारी हो सकी है।
बांकुड़ा का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा का रहने वाला अकीबुर रहमान मंडल उर्फ अकीर अली मंडल है। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पूछताछ में पता चला कि उसने कुछ दिन पहले टाटानगर रेलवे स्टेशन के आसपास चलती ट्रेन में एक यात्री का मोबाइल चोरी किया था।
आरपीएफ के अधिकारियों के मुताबिक आरोपी बड़ा अपराधी है और इससे पहले भी यात्रियों का सामान चोरी करने के आरोप में तीन बार रेल थाना टाटानगर से जेल जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है।
Read also Jamshedpur Kairav Kidnapping Case : कैरव अपहरण कांड के मास्टरमाइंड का जमशेदपुर लिंक खंगाल रही पुलिस

