
Jamshedpur : टेल्को गुलमोहर हाई स्कूल में गुरुवार को फ्रैंक एंथनी मेमोरियल अखिल भारतीय अंतर-विद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता 2026 के द्वितीय चरण का आयोजन हुआ। कक्षा XI-XII की श्रेणी में आयोजित प्रतियोगिता का विषय था— “कार्बन उत्सर्जन कर को विश्वभर में अनिवार्य बनाया जाना चाहिए।” पांच विद्यालयों के विद्यार्थियों ने जलवायु उत्तरदायित्व, आर्थिक नीतियों और वैश्विक सततता पर पक्ष-विपक्ष में प्रभावशाली विचार रखे।
लोयोला स्कूल, बिष्टुपुर की मान्या झा को सर्वश्रेष्ठ वक्ता चुना गया, जबकि केरल पब्लिक स्कूल, कदमा के अर्नब मुखर्जी प्रथम उपविजेता रहे। तारापोर स्कूल, एग्रिको की तनिषा शर्मा और इशिता पांडेय की टीम ने सर्वश्रेष्ठ टीम का पुरस्कार हासिल किया। प्रतियोगिता में केपीएस कदमा, लोयोला स्कूल, सेंट जोसेफ हाई स्कूल, बिशप वेस्टकॉट बॉयज स्कूल और तारापोर स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन कासिडीह हाई स्कूल के प्राचार्य फ्रांसिस जोसेफ ने किया। निर्णायक मंडल में हीना कौर, श्वेता कुमारी और अनुष्री पटनायक शामिल रहीं। आयोजन प्राचार्या प्रीति सिन्हा एवं उप-प्राचार्या अर्चना श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में हुआ।

