चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे चक्रधरपुर रेल मंडल के राज खरसावां चाईबासा रेल खंड पर एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक मैन लंका पुरती की मौत हो गई। वे चाईबासा जिले के झींकपानी के टुटुगुटू गांव निवासी थे। वे रोज की तरह रविवार को राज खरसावां – पडासाली किलोमीटर 301-17ए/19 ए के बीच रेलवे ट्रैक पर झाड़ी की कटाई कर रहे थे। तभी अचानक थर्ड लाईन पर डाउन में एक मालगाड़ी आ गई। वह मालगाड़ी नहीं देख पाए। मालगाड़ी की चपेट में आने से घटना स्थल पर ट्रैकमैन की मौत हो गई।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। लंका पुरती के परिवार का रो रो कर बुरा हाल है। इधर, सूचना मिलते ही चक्रधरपुर रेल मंडल में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है, जल्द ही मामले की जांच पूरी कर ली जाएगी।
रेलवे के अधिकारियों ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। वे एक अच्छे इंसान और एक जिम्मेदार ट्रैक मैन थे। उनकी मौत से रेलवे प्रशासन और उनके परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। इधर ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। इस संबंध में यूनियन के नेता चांद मोहम्मद ने कहा कि कब तक ट्रैक मैन रेलवे ट्रैक पर अपनी जान गंवाते रहेंगे। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कब तक सुनिश्चित की जाएगी। इस साल की शुरुआत में एक ट्रैक मैन का हादसे में निधन हो गया था। जबकि पिछले साल 11 ट्रैक मैन का हादसे में निधन हुआ था। रेल प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से लेकर कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान करे ताकि इस तरह का हादसा ना हो।

