धनबाद : छठ के दौरान दुर्घटना मुक्त रेल परिचालन को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।19 नवंबर की शाम पहला अर्घ्य है और 20 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पण किया जाएगा। इस दौरान छठ घाटों पर काफी भीड़ होगी।

इसे ध्यान में रखकर रेलवे ने 19 की शाम से 20 नवंबर की सुबह तक वैसे स्थानों पर ट्रेनों की गति कम करने का निर्देश दिया है जो तालाब के आसपास या किनारे पर हैं। रेलवे चालक और गार्ड को भी विशेष निर्देश दिया गया है कि छठ घाट के किनारे से गुजरने के दौरान लगातार हॉर्न बजाकर चलें।
आरपीएफ करेगी रेलवे ट्रैक की निगरानी
छठ घाटों के आसपास के रेलवे ट्रैक की आरपीएफ नियमित निगरानी करेगी। खासतौर पर रेलवे ट्रैक के आसपास के छठ घाटों की विशेष निगरानी की जाएगी। ट्रैक पर भीड़ एकत्रित होने से रोका जाएगा।
दिल्ली-दरभंगा क्लोन ट्रेन अग्निकांड से सबक, रेलवे ने शुरू किया स्पेशल ड्राइव
दिल्ली से दरभंगा जा रही क्लोन ट्रेन में हुए अग्निकांड को लेकर ट्रेनों में स्पेशल ड्राइव की शुरुआत की गई है। धनबाद रेल मंडल एडीआरएम विनीत कुमार वह अमित कुमार और सीनियर डीसीएम अमरेश कुमार ने बताया कि ट्रेन में सफर के दौरान ज्वलनशील पदार्थ या पटाखे लेकर चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। बीड़ी और सिगरेट पीने वालों से आरपीएफ सख्ती से निबटेगी। यात्रियों का जागरूक करने के लिए विस्फोटक और ज्वलनशील पदार्थ साथ लेकर सफर न करने को लेकर निरंतर घोषणा भी होगी।
भीड़ प्रबंधन को आरपीएफ, स्काउट एंड गाइड के साथ 33 नवनियुक्त रेलकर्मी
रेलवे प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज समेत अन्य जगहों पर यात्रियों की भीड़ प्रबंधन के लिए आरपीएफ, जीआरपी के जवानों के साथ स्काउट एंड गाइड के सदस्य और 33 नवनियुक्त रेल कर्मचारियों को लगाया गया है।

