साहिबगंज : राधानगर थाना क्षेत्र की उधवा-राजमहल मुख्य सड़क पर स्थित उदयनाला पुल पर बुधवार शाम सात बजे दो बाइक में हुई आमने-सामने की भिड़ंत में पांच युवक घायल हो गए। इनमें से दो युवकों की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के लिए दोनों का शव अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल भेजा गया है।

थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि घायल दो युवकों की मौत उन्हें इलाज के लिए भागलपुर ले जाने के क्रम में हुई है। दोनों बाइक विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आकर एक दूसरे से टकराई। पुल संकरा है तथा सड़क काफी जर्जर है।
ऐसे में अंधेरा होने के कारण दोनों बाइक आपस में टकरा गयी। जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों बाइक पर सवार पांच युवक घायल हो गए थे। तीन युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधवा के हड़मल्ली निवासी 24 वर्षीय वसीम शेख व 22 वर्षीय फीटू शेख बाइक से उधवा की ओर जा रहे थे।

राजमहल थाना क्षेत्र के समसपुर खरदिग्घी निवासी 18 वर्षीय जमीरुल शेख, 17 वर्षीय चांद शेख और 22 वर्षीय तौफीक शेख काले रंग की बजाज पल्सर बाइक से तेज रफ्तार से उधवा से लौट रहे थे। उधवा की ओर से आ रही बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने सामने वाली बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे सभी लोग जमीन पर गिर गये। आसपास के लोगों ने जमीरुल शेख, चांद शेख और तौफीक शेख को उठाया। लोगों ने इसकी सूचना समसपुर पंचायत के मानसिंघा खरदीघी गांव स्थित उसके स्वजनों को दी।

सूचना मिलते ही स्वजन पहुंचे और जमीरुल शेख, चांद शेख और उनके परिजन तौफीक शेख को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल में ले गए। तौफीक शेख तथा चांद शेख को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।

