श्रीनगर : भारतीय सेना ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी नाला क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया। यह मुठभेड़ सरजीवन के सामान्य क्षेत्र में हुई, जो नियंत्रण रेखा (LoC) से सटा हुआ है।
सेना का ऑपरेशन : मारे गए दो आतंकी, ऑपरेशन अब भी जारी
भारतीय सेना की चिनार कोर के अनुसार, उरी नाला इलाके में 2 से 3 आतंकवादी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। सैनिकों ने उन्हें चुनौती दी, जिसके बाद जोरदार गोलीबारी शुरू हो गई।
‘हमारे जवानों ने अदम्य साहस दिखाते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया’, सेना ने अपने बयान में कहा।
बरामद हुआ हथियारों का जखीरा
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और युद्ध सामग्री बरामद की है। सेना के अनुसार, ऑपरेशन अब भी जारी है ताकि इलाके में छिपे अन्य आतंकियों को भी खोजा जा सके।
पहलगाम हमले के तुरंत बाद मुठभेड़, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
यह मुठभेड़ उस समय हुई जब पहलगाम आतंकी हमले में 28 लोगों की मौत और 13 घायल होने की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। पहलगाम की सड़कों पर अब सन्नाटा पसरा है, जहां आमतौर पर पर्यटकों की चहल-पहल होती थी।
पर्यटकों ने कैंसिल की यात्रा, जम्मू बंद का आह्वान
घटना के बाद कई संगठनों ने जम्मू बंद का एलान किया है। साथ ही, दिल्ली से आए पर्यटक समीर भारद्वाज जैसे कई लोगों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी और वापस लौटने का फैसला किया है।

