पटना : दिवाली का त्योहार खुशी, रोशनी और लक्ष्मी के स्वागत का प्रतीक होता है, लेकिन इस बार बिहार के दो जिलों में गैस सिलेंडर से दो दर्दनाक हादसे हुए। पहली घटना कैमूर जिले और दूसरी घटना मुजफ्फरपुर में हुई। कैमूर जिले में एक दर्दनाक घटना ने इस खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। 31 अक्टूबर 2024 की सुबह बहेरा गांव में एक घर में गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के चलते लगी आग ने एक महिला और उसके 10 वर्षीय बेटे की जान ले ली।

घटना का विवरण
यह हादसा तब हुई, जब महिला अपने बेटे के साथ रसोईघर में नाश्ता बना रही थी, चूल्हा जलाने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान, सिलेंडर से गैस रिसाव हो रहा था और अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर दोनों झुलस गए। जब तक लोग समझ पाते, तब तक स्थिति गंभीर हो चुकी थी।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। महिला और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस दुखद घटना के बाद मोहनियां अनुमंडल दंडाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने पीड़ित परिवार के लिए राहत की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अभी अंत्येष्टि और पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए 23 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा, आपदा प्रबंधन विभाग से परिवार को आठ लाख रुपये की अनुग्रह राशि भी दी जाएगी।
मुजफ्फरपुर का हादसा
दूसरी ओर मुजफ्फरपुर में भी गैस सिलेंडर लीक होने से एक गंभीर हादसा हुआ। यहां एक घर में आग लग गई, जिसमें पति-पत्नी और उनका एक वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए। यह घटना सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बालूघाट मोहल्ले में हुई। परिजनों ने बताया कि गैस सिलेंडर का पाइप फटने से आग लगी, जिससे परिवार के सभी सदस्य झुलस गए। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया और घायलों को इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
इन दर्दनाक घटनाओं ने एक बार फिर हमें यह याद दिलाया है कि गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय सतर्कता कितनी जरूरी है। दिवाली जैसे त्योहार पर जब घरों में दीप जलाए जाते हैं, तो गैस रिसाव जैसे हादसे से बचने के लिए उचित सावधानी बरतनी चाहिए। उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर और उसके उपकरणों की नियमित जांच करनी चाहिए। इसके अलावा अगर किसी प्रकार का रिसाव या समस्या हो तो तुरंत विशेषज्ञ की मदद लेनी चाहिए।
Read Also- Delhi Pollution : दिवाली के बाद दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण : आतिशबाजी का खतरनाक असर

