लखनऊ : उत्तर प्रदेश में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राज्य में सक्रिय मौसमी तंत्र कमजोर पड़ने और शुष्क मौसम के कारण तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। रविवार को आगरा 44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। झांसी भी 44.7°C तापमान के साथ पीछे नहीं रहा। प्रयागराज और उरई में तापमान 43.8°C दर्ज किया गया।

19 जिलों में लू का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सोमवार को वाराणसी समेत 19 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 9 से 11 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में भीषण लू चल सकती है।
इन क्षेत्रों में चल सकती है लू
9 से 11 जून तक प्रदेश के दक्षिणी और पश्चिमी भागों में लू चलने की प्रबल संभावना है। आगरा, ब्रज और बुंदेलखंड में धूलभरी हवाओं के साथ लू का असर ज्यादा रहेगा। पूर्वी यूपी के विंध्य, कानपुर और वाराणसी क्षेत्र में भी 9 और 10 जून को गर्म हवा का असर दिखाई देगा।
शुष्क रहेगा मौसम, धूल भरी आंधी की संभावना
9 जून को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी भागों में मौसम शुष्क रहेगा। कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चल सकती है। इसके साथ ही लू चलने की भी संभावना है।
इन जिलों में ज्यादा गर्मी का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को वाराणसी, संत रविदास नगर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, महोबा, झांसी और ललितपुर में लू की स्थिति बन सकती है।
तापमान में और बढ़ोतरी के आसार
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि वायुमंडल में बने प्रति-चक्रवात (Anti-cyclone) के कारण तापमान में 1-2 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। इससे गर्मी और उमस में इजाफा होगा।
11 जून के बाद राहत के आसार
हालांकि 11 जून के बाद लोगों को राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3°C की वृद्धि होगी, जिसके बाद यह गिरावट की ओर जा सकता है। न्यूनतम तापमान में भी 2°C की बढ़ोतरी होने के बाद 2-4°C तक गिरावट हो सकती है।

